संजु चौधरी, शिमला (TSN): हिमुडा के उपाध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलने के बाद यशवंत छाजटा समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने नियुक्ति के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने नाच गाने के साथ यशवंत छाजटा की नियुक्ति का जश्न मनाया और मुख्यमंत्री का इस नियुक्ति के लिए धन्यवाद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नियुक्तियां देने की बात कही। इसके साथ ही चार राज्यों के नतीजों को लेकर जारी मतगणना के बीच सीएम ने दो राज्यों में सरकार बनाने की बात कही। इसी के साथ सीएम ने तेलंगाना की स्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना भी साधा।
हिमुडा उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद धन्यवाद करने समर्थकों के साथ पहुंचे यशवंत छाजटा की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख ने कहा कि यशवंत छाजटा लंबे समय से पार्टी के कार्यकर्ता रहे है। उन्होंने अपने जीवन के बहुमूल्य 20 से 25 वर्ष कांग्रेस पार्टी को दिए हैं और उनकी नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को भी नियुक्तियां दी जाएगी। हाल ही में पांच राज्यों में हुए चुनाव के बाद चार राज्यों की मतगणना जारी हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नतीजे अभी शुरुआती चरणों में है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में नेक टू नेक फाइट है और कांग्रेस सरकार बनाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस 10 साल बाद सरकार बनाने जा रही हैं।
वहीं शुरुआती रुझानों में तीन राज्यों में बढ़त को लेकर भाजपा आक्रामक है और देश में केवल मोदी की गारंटी चलने की बात कह रही है। वहीं इसको लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर देश भर में मोदी की गारंटी चलती तो तेलंगाना में इसका कर क्यों नहीं दिखा। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि तेलंगाना में तो भाजपा की 7 सीटें भी नहीं आ रही है।
