बिलासपुर, सुभाष-: जिला बिलासपुर की छड़ोल पंचायत में सड़क किनारे अज्ञात वाहन से कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित स्थान पर पहले भी कई बार कचरा फेंका जा चुका है, लेकिन इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। बताया जा रहा है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन से यहां बड़ी मात्रा में कचरा फेंका गया।पंचायत प्रधान शेर सिंह ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति ने फोन के माध्यम से सड़क किनारे कचरा पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया, जहां काफी मात्रा में कचरा बिखरा हुआ मिला। कचरे में मौजूद कुछ सामग्री को देखकर आशंका जताई जा रही है कि इसका संबंध किसी क्लिनिक या अस्पताल से हो सकता है। हालांकि, कचरे के स्रोत और उसकी प्रकृति की वास्तविक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर कचरा फेंका गया है, वहां से लोग रोजाना घास लेने और अपने पशुओं को चराने के लिए गुजरते हैं। ऐसे में खुले में कचरा फेंकना पर्यावरण के साथ-साथ लोगों और पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकता है। यदि कचरे में चिकित्सकीय अपशिष्ट मौजूद है, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान की जानी चाहिए। साथ ही, दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उचित निगरानी व्यवस्था की जाए और सड़क किनारे पड़े कचरे का सुरक्षित निस्तारण करवाया जाए।
