देहरा-: नागरिक अस्पताल देहरा में रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक विधायक कमलेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की वार्षिक कार्यप्रणाली, आय-व्यय विवरण, आगामी वित्त वर्ष के बजट और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान विधायक ने अस्पताल में डेड हाउस रेफ्रिजरेटर की खरीद के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक उपकरणों, दवाइयों और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
अस्पताल में डेढ़ लाख से अधिक मरीजों की ओपीडी
बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिन्द्र पाल सिंह ने रोगी कल्याण समिति के गठन एवं कार्यों की जानकारी दी। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलशान अहमद ने नागरिक अस्पताल देहरा की वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्य प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत की।रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अस्पताल में 1,49,545 मरीजों की ओपीडी में जांच की गई, जबकि 11,539 मरीजों को भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया। इस अवधि में 412 संस्थागत प्रसव करवाए गए। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में 107 बड़ी और 1,878 छोटी शल्य चिकित्सा प्रक्रियाएं की गईं।अस्पताल की प्रयोगशाला में 68,715 सामान्य जांचें की गईं। वहीं, 11,785 एक्स-रे, 2,466 ईसीजी और 6,839 अल्ट्रासाउंड किए गए। अल्ट्रासाउंड में 4,400 सामान्य तथा 2,439 प्रसवपूर्व जांचें शामिल रहीं।जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 4,01,853 रुपये मूल्य की प्रयोगशाला जांचें निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 999 जांचें की गईं। वहीं, एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र में एचआईवी की 3,081 तथा एसटीएस की 971 जांचें दर्ज की गईं।रिपोर्ट में अस्पताल की बेड क्षमता का उपयोग 45.1 प्रतिशत रहने की जानकारी दी गई। इस दौरान 323 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 209 और हिमकेयर योजना के अंतर्गत 216 मरीजों को उपचार सुविधा प्रदान की गई।
समिति की आय-व्यय रिपोर्ट और बजट प्रस्तुत
बैठक में रोगी कल्याण समिति के वित्त वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण तथा वित्त वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान पर भी चर्चा की गई। समिति को वर्ष 2025-26 में कुल 52,34,363.67 रुपये की प्राप्ति हुई, जिसमें यूजर चार्जिज से प्राप्त 8,31,490 रुपये शामिल हैं। इस अवधि में कुल 58.25 लाख रुपये व्यय किए गए।
वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 45.20 लाख रुपये की अनुमानित आय और 63.49 लाख रुपये के व्यय का बजट प्रस्तावित किया गया। बैठक में अस्पताल के लिए आवश्यक मशीनरी, चिकित्सा उपकरणों और फर्नीचर की खरीद का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 2,20,432 रुपये की मशीनरी एवं उपकरण तथा 2,93,250 रुपये का फर्नीचर खरीदा गया।
इसके अतिरिक्त, डॉ. अक्षत चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर की वार्षिक कार्य प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
सफाई कर्मचारी का मानदेय 500 रुपये करने की घोषणा
विधायक कमलेश ठाकुर ने नागरिक अस्पताल देहरा में डेड हाउस रेफ्रिजरेटर की खरीद के लिए 2 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने पोस्टमार्टम के दौरान सफाई कर्मचारी को दिए जाने वाले मानदेय को बढ़ाकर 500 रुपये प्रति पोस्टमार्टम करने की भी घोषणा की।उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर की फेंसिंग का कार्य रोगी कल्याण समिति के फंड से करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही केंद्र में चारदीवारी, सेंट्रल हीटिंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा, ताकि इन कार्यों के लिए आगामी कार्रवाई की जा सके।विधायक ने कहा कि रोगी कल्याण समिति का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना और स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक में रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, विधायक के निजी सहायक राजकुमार, नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चम्वयाल सहित स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
