चालक ने ब्रेक फेल होने को बताया हादसे का कारण, टैंकर सवार दोनों लोग सुरक्षित; सड़क पर तारकोल फैलने से यातायात प्रभावित
देहरा, गुलशन धनोहा-:एनएच-503 मुबारकपुर–रानीताल मार्ग पर ढलियारा के खतरनाक तीखे मोड़ों पर तारकोल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा तारकोल सड़क पर फैल गया, जिससे मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि टैंकर में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, टैंकर बठिंडा से तारकोल लेकर ढलियारा की ओर आ रहा था। इसी दौरान जब वह एनएच-503 पर ढलियारा के तीखे मोड़ों से गुजर रहा था, तो चालक के अनुसार उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बताया कि आगे चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में उसने दूसरे वाहन के चालक को आवाज लगाकर सतर्क करने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान टैंकर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
आवाज सुनकर मदद के लिए पहुंचे स्थानीय युवा
हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और स्थानीय युवा घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय युवाओं के अनुसार, पहले उन्हें किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी और इसके बाद धमाके जैसी आवाज आई। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने तारकोल से भरे टैंकर को सड़क पर पलटा हुआ देखा। हादसे का दृश्य देखकर आसपास के लोग भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
सड़क पर बिखरा तारकोल, वाहन चालकों को हुई परेशानीटैंकर पलटने के कारण सड़क पर बड़ी मात्रा में तारकोल फैल गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को वहां से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए सड़क पर फैले तारकोल को हटाने के प्रयास शुरू किए गए, ताकि यह अधिक क्षेत्र में न फैले और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।ढलियारा के तीखे मोड़ों पर हुए इस हादसे में टैंकर सवार दोनों लोगों के सुरक्षित रहने से बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर इस मार्ग के खतरनाक मोड़ों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।
