Shimla, 30 September -न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक जॉन राटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को शिमला पहुंचा। राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और बागवानी मंत्री से मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश में सेब और नाशपाती की खेती को लेकर सहयोग पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल की कृषि, पर्यटन, बागवानी और औद्योगिक प्रगति में सहयोग को लेकर गहरी रुचि व्यक्त की। इसके साथ ही न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त ने शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान से भी मुलाकात की और पर्यटन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
सेब-नाशपाती की खेती व पर्यटन सहयोग पर हुई चर्चा
उच्चायुक्त पैट्रिक जॉन राटा ने कहा कि न्यूजीलैंड भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए विभिन्न राज्यों से सहभागिता कर रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री से विस्तृत चर्चा कर बागवानी क्षेत्र, विशेषकर सेब और नाशपाती उत्पादन, में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया है।शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड की भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे में बागवानी क्षेत्र में सहयोग से बागवानों की आर्थिकी में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि शिमला में पर्यटन को बढ़ावा देने और एडवेंचर स्पोर्ट्स विकसित करने के लिए भी न्यूजीलैंड से सहयोग का आग्रह किया गया है।