Chamba, Manjur –चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ ही अवैध शिकारियों की सक्रियता बढ़ने लगी है। ऐसे में वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभाग ने रेंज स्तर पर विशेष टीमें गठित की हैं जो अवैध शिकारियों पर कड़ी निगरानी रखकर उनकी धरपकड़ करेंगी।
वन विभाग के अनुसार, इससे पहले भी कई मामलों में अवैध शिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। वन्यजीवों का शिकार वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। इसीलिए विभाग अब जंगलों के अंदर और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष नाके लगाने की तैयारी कर रहा है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) चंबा कृतज्ञ ठाकुर ने बताया कि सर्दियों के मौसम में शिकार की घटनाएं सामान्य से अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने अब तक कई मामलों में शिकारी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और कई प्रकरण पुलिस में दर्ज करवाए गए हैं।
कृतज्ञ ठाकुर, डीएफओ, वन मंडल चंबा:सर्दियों में शिकार की घटनाएं बढ़ जाती हैं। हमने कई लोगों के खिलाफ कार्यवाही की है और नए सीजन में भी किसी को बख्शा नहीं जाएगा। रेंज स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं जो अवैध शिकार की धरपकड़ में लगी रहेंगी। जो लोग जानबूझकर शिकार करते हैं, उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।