राहुल चावला, धर्मशाला(TSN): जिला कांगड़ा में 14 हजार 804 लोग निरक्षर हैं। यह खुलासा न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम (एनआईएलपी) अथवा नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत करवाए गए सर्वे में हुआ हैं। इन निरक्षर लोगों को वालंटियर टीचर (स्वयंसेवक) पढ़ाएंगे। डाइट धर्मशाला से मिली जानकारी के अनुसार कुल 14 हजार 804 निरक्षर लोगों में से 14 हजार 778 को टैग भी कर दिया गया हैं। इन निरक्षर लोगों को पढ़ाने के लिए कुल 2515 वालंटियर टीचर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 2448 को टैग कर दिया गया हैं।
जानकारी के मुताबिक शिक्षा प्राप्त करने में पिछड़ने वाले 15 वर्ष से अधिक आयु के इन लोगों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करने के लिए भारत सरकार ने भारत को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से 2022 से 2027 तक न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम शुरू किया हैं। प्रदेश भर में यह सर्वे करवाया जा रहा हैं। कई जिलों में यह सर्वे संपन्न हो चुका हैं। इस प्रोग्राम के तहत 15 वर्ष व इससे अधिक आयु वर्ग के निरक्षर लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया था। इस प्रोग्राम के तहत निरक्षरों की पहचान के लिए ऑनलाइन एप का प्रयोग किया गया हैं।
उधर, जिला परियोजना अधिकारी डाइट धर्मशाला नीना पुन ने बताया कि एनआईएलपी के तहत निरक्षर लोगों की पहचान कर ली गई हैं। इन लोगों को पढ़ाने के लिए वालंटियर टीचर्स के साथ टैगिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया हैं। किस निरक्षर के साथ किस वालंटियर टीचर को टैग करना है, यह कार्य पूरा हो चुका हैं। अब जो गाइडलाइन आएंगी, उसी अनुरूप आगामी कार्य होगा।
