धर्मशाला (राहुल चावला): लद्दाख से पूरे डेढ़ महीने के बाद बुधवार बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा धर्मशाला लौट आएं है। सुबह साढ़े 7 बजे अपने विशेष फ्लाइट से धर्मशाला पहुंचे दलाईलामा का उनके समर्थकों ने एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया और अपने महागुरु को अपने बीच पाकर बेहद उत्साह और ख़ुशी प्रकट की। दलाईलामा के समर्थकों ने कहा कि उनके धर्मगुरु दोबारा धर्मशाला वापस आ गए है इसको लेकर तिब्बतियन समाज और तमाम संस्थाएं बेहद प्रसन्नचित है।
उन्होंने कहा कि चीन जो लगातार हमारे धर्मगुरु पर निगेटिव टिप्पणी करता रहता है उसकी वो सदैव निंदा करते है और हमेशा भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन भी करते है। भारत सरकार हमेशा हमारे साथ रही है जिसका वो तहे दिल से आभार प्रकट करते है। बता दें कि 14 जुलाई को धर्मगुरु दलाईलामा धर्मशाला से लद्दाख की यात्रा पर चले गये थे जहां से अपनी यात्रा समाप्त कर एक बार फिर से धर्मशाला लौट आए है और उनकी वापसी पर उनके अनुयायियों की ओर से जगह-जगह तोरणद्वार लगाए गये है साथ ही सिटीए की ओर से भी उनके स्वागत के लिये भव्य इंतजामात किए गये है।
