मंडी (परी शर्मा): चुनाव नजदीक आते ही बचकाने बयान देना कौल सिंह ठाकुर की आदत बन चुकी है और पिछले कई चुनावों से पहले वे इस प्रकार की बातें कहते रहते हैं ये कोई नई बात नहीं है। कौल सिंह ठाकुर द्वारा पिछले दिनों मंडी से मुख्यमंत्री होने पर दिए बयान पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कौल सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता को मीडिया का सुर्खियां बटोरने के लिए एक बार पुनः ऐसी बयानबाजी करनी पड़ रही है। यह उनके दल में उनकी दयनीय स्थिति को दर्शाने के लिए पर्याप्त है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए पहले विधानसभा का चुनाव जीतना पड़ता है और जो व्यक्ति अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता में अपनी विश्वसनीयता खो चुका हो उसके द्वारा अपने आप को मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत करना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि जी 23 के नेताओं की कांग्रेस पार्टी में स्थिति देश का बच्चा बच्चा जानता है और कौल सिंह का विरोध तो मंडी में ही होना शुरू हो गया है और उनकी स्थिती को देखते हुए उनकी विधानसभा से तो दूसरे लोग भी टिकट मांगने से गुरेज नहीं कर रहे। बयान में कहा गया कि लंबे समय तक द्रंग विधानसभा को विकाश और मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया था जिसके लिए कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता कौल सिंह जिम्मेदार थे और जनता इस बार प्रदेश सरकार के किए विकाशकार्यों और जनहितैषी योजनाओं पर अपनी मोहर लगाएगी और पुनः जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बना कर रिवाज बदलने को तैयार है।
