शिमला: हिमाचल कांग्रेस के कार्यकर्ता रहे स्वर्गीय महेश शर्मा की धर्मपत्नी संतोष शर्मा ने भी गुरुवार को टिकट के लिए आवेदन किया है। संतोष शर्मा ने शिमला शहर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांगा है। महेश शर्मा कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते थे और इस क्षेत्र में उनका खासा प्रभाव रहा है। करीब 25 साल पार्टी की सेवा में लगाने वाले महेश शर्मा की धर्मपत्नी संतोष शर्मा मौजूदा वक्त में जुन्गा से जिला परिषद है। एनएसयूआई से राजनीति की शुरुआत करने वाले महेश शर्मा ने प्रदेश स्तर तक अपना नाम बनाया था।
साल 2019 में महेश शर्मा की एक सड़क हादसे में दु:खद मृत्यु हो गई थी। महेश शर्मा की मृत्यु के बाद हिमाचल कांग्रेस ने उनकी धर्मपत्नी संतोष शर्मा को जिला परिषद के उम्मीदवार के तौर पर उतार कर उन पर विश्वास जताया था। अब एक बार फिर संतोष शर्मा ने शिमला शहर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग कर दावेदारी पेश की है। बता दें कि हिमाचल कांग्रेस ने प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन मांगे थे। प्रदेश भर की 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 1 हजार 347 आवेदन प्राप्त हुए है। इसमें सबसे अधिक 40 आवेदन शिमला शहर विधानसभा क्षेत्र से मिले हैं।
