बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: भाजपा विकास के मुद्दे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। ये बात बिलासपुर के सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने वीरवार को सर्किट हाउस में पत्रकारा वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में उमड़े जनसैलाब से भी यह बात प्रमाणित हो गई है कि जनता झूठे वादों और बेतुकी बयानबाजी पर भरोसा नहीं करती, बल्कि काम करने वालों को दिल से चाहती है।
आने वाले 10 दिनों के भीतर सदर विधानसभा क्षेत्र में बनकर तैयार हो चुके कई अन्य डेवलपमेंट प्रोजेक्ट भी जनता को समर्पित किए जाएंगे। सुभाष ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी की बिलासपुर में आयोजित रैली ऐतिहासिक रही है। एक लाख से कहीं अधिक लोग इस रैली के गवाह बने। बिलासपुर के तो हर घर से कम से कम एक सदस्य ने रैली में सहभागिता सुनिश्चित की। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंडाल में लगाई गई कुर्सियां कम पड़ गई।
इसके बावजूद लोग खड़े होकर ही पूरे जोश व उत्साह के साथ प्रधानमंत्री को सुनते और देखते रहे। पीएम द्वारा एम्स और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन करने से आम लोगों के सपनों का बिलासपुर हकीकत में बदला है।सुभाष ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहलूरी भाषा के समावेश से जहां लोगों का दिल जीत लिया, वहीं इससे बिलासपुर को मान-सम्मान भी दिया।
