चिंतपूर्णी,विकास। टैक्सी चालकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को चिंतपूर्णी बस स्टैंड पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में टैक्सी चालकों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई।इस दौरान टैक्सी चालकों के हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी और सिफलिस सहित अन्य संक्रमणों की स्क्रीनिंग की गई। सिविल अस्पताल अंब के आईसीटीसी काउंसलर नरेंद्र सिंह कंवर ने चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण किए। साथ ही उन्हें इन बीमारियों के लक्षण, बचाव और समय पर जांच करवाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
गौरतलब है कि यह शिविर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे एकीकृत STI, HIV, TB एवं हेपेटाइटिस (ISHTH) अभियान के तहत आयोजित किया गया। इस अभियान के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर लोगों की स्क्रीनिंग कर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं, टैक्सी यूनियन के प्रधान नरेंद्र ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक दिनभर सड़कों पर रहते हैं और व्यस्त दिनचर्या के चलते कई बार अपने स्वास्थ्य की जांच नहीं करवा पाते। ऐसे में उनके कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना सराहनीय कदम है। इससे चालकों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक होने और संभावित बीमारियों का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

