सोलन:योगेश शर्मा- कांग्रेस ने बुधवार को पार्टी कार्यालय सोलन में 138वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में पार्टी द्वारा दिए गए बलिदान को याद किया। साथ ही पार्टी के उन सभी संस्थापक नेताओं को भी याद किया,जिन्होंने राष्ट्र हित के लिए अपना सब कुछ त्याग कर वर्षों तक पार्टी में रहते हुए देशवासियों की सेवा की।
इस मौके पर जिला कांग्रेस शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है। पार्टी अपनी स्थापना से लेकर आज तक कई नाजुक दौर से गुजरी,लेकिन लोगों के पार्टी के प्रति विश्वास को कमजोर नहीं पडऩे दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की जो भूमिका रही है उसे युगों-युगों तक भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व.पंडित जवाहर लाल नेहरू व इंदिरा गांधी के देश निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने राष्ट्र और देश हित में अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया था। ऐसे महान नेताओं को भारत देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि 138 साल पूर्व भारत को सामाजिक कुरीतियों राजनीतिक पराधीनता और महान संस्कृति को आधुनिक विज्ञान से जोडऩे वाले और समग्र विकास की ओर ले जाने वाली विचारधारा के बीज बोए गए थे, जिनका नाम है भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस। हम सदैव कांग्रेस परिवार की मर्यादा और संगठित स्वरूप शान को बनाए रखने के लिए कृतसंकल्प हैं।
