बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -नगर परिषद बिलासपुर के अंतर्गत डीसी आफिस रोड पर अब यदि येलो लाइन के भीतर वाहन खड़ा किया, तो अब वाहन चालक का चालान कटेगा। इस रोड पर यलो लाइन लगा दी गई है। इस यलो लाइन के लग जाने के बाद वाहन चालकों को वाहन पार्क करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए नगर परिषद द्वारा छोटी छोटी पार्किंग विकसित की जाएंगी। जहां वाहन पार्क करने पर नगर परिषद को फीस देनी होगी। इससे नगर परिषद की आय भी बढ़ेगी।
बता दें कि नगर परिषद बिलासपुर के अंतर्गत डीसी आफिस रोड पर अधिकतर बेतरतीब तरीके से पार्क किए वाहन दिखाई देते हैं। यहां पर वाहन चालक अपनी मनमानी से ही वाहन पार्क कर देते थे, जिसके चलते कई बार इस रोड पर अन्य वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को भी समस्या झेलनी पड़ती है। उपायुक्त कार्यालय परिषद के अलावा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपर के साथ ही अन्य सरकारी विभाग के कार्यालय यहां पर स्थित होने के चलते लोगों की आवाजाही भी लगी रहती है। यलो लाइन लगने और पार्किंग बन जाने के बाद इस समस्या का समाधान होगा।
