राकेश,ऊना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल किए जाने के बाद कांग्रेस काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने इसे सच्चाई की जीत बताया हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यायपालिका ने साबित कर दिया है कि देश में लोकतंत्र चलेगा। कानून का राज चलेगा।
उन्होंने कहा कि तानाशाही तरीके से राहुल गांधी की संसद सदस्यता को हटाया गया। उनका बंगला खाली करवाया गया। पूरे देश ने देखा कि किस तरह से केंद्र की सरकार कार्य कर रही थी। आज उनकी संसद सदस्यता बहाल हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह देश कानून से चले और जहां लोकतंत्र स्थापित रहे।
उन्होंने कहा कि राहुल के रथ को रोक पाना संभव नहीं हैं। हिमाचल व कर्नाटका में कांग्रेस की सरकार बनी है और अब अन्य राज्यों में भी जहां-जहां चुनाव हो गए वहां पर कांग्रेस का रथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा है कि सरकार और संगठन एकजुट हैं। उन्होंने जनता से जो वायदे किए हैं उन सभी वायदों को पूरा किया जाएगा। सरकार का हनीमून पीरियड खत्म हो गया है और लोगों ने जिस तरीके से उत्साह से सरकार बनाई है सरकार की ओर से उन सभी वायदों को पूरा किया जाएगा।
