राहुल चावला, शाहपुर-:जिला कांगड़ा के शाहपुर में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। 27 और 28 अक्टूबर को आयोजित इस बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, आगामी चुनावों की तैयारियों और जनजातीय समाज के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कमल शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, जिला एवं मंडल अध्यक्षों सहित आईटी और सोशल मीडिया संयोजकों ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया।उन्होंने बताया कि बैठक में चंबा-कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश आईटी एवं सोशल मीडिया संयोजकों तथा भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिया।वहीं, समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर से लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।कमल शर्मा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य मोर्चा की संगठनात्मक ताकत का आकलन करना और आगामी समय के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के लोगों तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को पहुंचाना मोर्चा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न मोर्चे पार्टी संगठन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। अनुसूचित जनजाति मोर्चा भी जनजातीय समाज को पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों से जोड़ने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करेगा।

