शिमला : कमल भारद्वाज (TSN)- शिमला के आनंदपुर में सेंटर फॉर साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी का उद्घाटन हुआ । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस केंद्र का उद्घाटन किया, यह प्रदेश का दूसरा साइंस लर्निंग सेंटर है । इससे पहले पालमपुर में साइंस लर्निंग सेंटर के जरिए बच्चों को रोचक और रचनात्मक तरीके से साइंस की पढ़ाई करवाई जा रही है । शिमला में भी केंद्र की शुरुआत हो चुकी है,यहां एक प्लैनेटोरियम भी बनाया जा रहा है, जिसका काम साल 2024 में पूरा होगा ।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस केंद्र की शुरुआत होने के साथ बच्चे रचनात्मक तरीके से साइंस की पढ़ाई कर सकेंगे,यहां 60 बच्चों के लिए हॉस्टल की भी सुविधा होगी । उन्होंने कहा कि प्रदेश के ज्यादातर स्कूलों में साइंस की पढ़ाई करवाई जा रही है,जहां जरूरत होगी, वहां इसकी संख्या भी बढ़ाई जाएगी । वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी । उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए बेहद हर्ष का विषय है । महिला कबड्डी टीम ने भी एशियन गेम में गोल्ड मेडल जीता है,इसकी अगवाई हिमाचल प्रदेश की रहने वाली रितु नेगी कर रही हैं । यह पूरे प्रदेश के लिए खुशी का विषय है । उन्होंने महिला कबड्डी टीम के साथ एशियाई खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी ।
