खेलों के मैदान से नशे के खिलाफ जंग, विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी जरूरी : सुधीर शर्मा
राहुल चावला, धर्मशाला।नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के बीच युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देने की पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सेंटर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्य रूप से शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस मौके पर सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशभर में 100 वीक्स ऑफ नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसी मुहिम के तहत स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में धर्मशाला में खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना समय की जरूरत है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे अहम होगी।विधायक ने धर्मशाला के साई सेंटर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम योगदान दे रहा है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बेटियों ने विश्व कप और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी इस संस्थान के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।सुधीर शर्मा ने प्रशिक्षकों और अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन न केवल नशे से दूरी बनाने का संदेश देते हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
