बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TSN)- प्रदेश में विशेष इंतकाल अदालतों की भांति निशानदेही और पार्टीशन के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा । यह जानकारी प्रदेश सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानी ने आज कोट और हटवाड पंचायत में सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा।
मंत्री राजेश धर्मानी ने कहा कि राजस्व विभाग में लंबे समय से लंबित मामलों को सुलझाने और आम जनमानस को सुविधा देने के लिए वर्तमान प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विशेष इंतकाल अदालतों का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों को इंतकाल के मामले निपटने के लिए अधिकारियों को लोगों के घर द्वार भेजा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस प्रयास से सीमित समेत में रिकॉर्ड 45000 से अधिक इंतकाल के मामले निपटाए गए। उन्होंने कहा कि आगामी समय में प्रदेश सरकार निशानदेही और पार्टीशन के मामलों को निपटाकर लोगों को राहत देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में फोरलेन के साथ लगते क्षेत्रों में जिला की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अपने बनाए गए उत्पादों को भेजने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी । जिससे ग्रामीण स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लाभ मिलेगा।
