बिलासपुर: केंद्र हो या प्रदेश, भाजपा जब भी सत्ता में आई, उसने किसानों के उत्थान के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की। वर्तमान में किसानों को जिन योजनाओं का लाभ मिल रहा है, उनमें से ज्यादातर भाजपा सरकारों के समय ही शुरू हुई। इसके विपरीत कांग्रेस ने किसानों को वोट बैंक के रूप में ही प्रयोग किया। यह बात राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने जुखाला पंचायत के आशामझारी में कृषि विभाग की ओर से आयोजित प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता करते हुए कही।
रणधीर शर्मा ने कहा कि आंधी, बारिश व सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं के चलते किसानों-बागवानों की फसलें बर्बाद हो जाती थी। हैरानी इस बात की है कि देश की आजादी के 50 साल बाद तक भी इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। 1997-98 में अटल सरकार के समय तत्कालीन कृषि मंत्री राजनाथ सिंह ने फसल बीमा योजना शुरू की। तब कहीं जाकर प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत मिलने लगी। मोदी सरकार ने किसान हित में इसमें संशोधन किया है। किसानों को फसल बीमा का केवल 2 फीसदी प्रीमियम देना पड़ता है। बाकी 98 फीसदी प्रीमियम सरकार की ओर से नियुक्त कंपनी वहन करती है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की शुरुआत हिमाचल में सेब से हुई, लेकिन इसके लिए कोई नियम नहीं थे। इसके चलते किसानों को बेहद कम समर्थन मूल्य मिलता था। यूपी सरकार के समय रंगनाथन कमेटी बनी। उसकी रिपोर्ट के अनुसार किसानों को लागत का कम से कम डेढ़ गुना ज्यादा पैसा मिलना चाहिए, लेकिन तत्कालीन मनमोहन सरकार ने यह रिपोर्ट ही लागू नहीं की। अब मोदी सरकार ने इसे लागू किया है। फसलों को जंगली जानवरों और बेसहारा मवेशियों से बचाने के लिए सोलर फैंसिंग की स्कीम प्रदेश की मौजूदा जयराम सरकार ने शुरू की। इसमें किसानों को 85 फीसदी सब्सिडी मिलती है।
किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्ष 2018 से प्रत्येक 4 माह के बाद 2000 रुपये किसानों के खाते में जमा किए जा रहे हैं। विपक्ष के लोगों ने कुप्रचार किया कि मोदी सरकार ने 2019 के चुनावों के मद्देनजर यह फैसला लिया है। उसके बाद इसे बंद कर दिया जाएगा। 2019 में पहले से भी अधिक बहुमत के साथ फिर से मोदी सरकार बनी, लेकिन यह योजना आज भी चालू है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे शिविर में विशेषज्ञों के सुझावों के अनुसार खेती-बाड़ी के आधुनिक तौर-तरीके अपनाएं, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। इस मौके पर जिला परिषद की सदस्य सत्या ठाकुर भाजपा जिला सचिव ब्रिज लाल ठाकुर ,मंडल महामंत्री रूप लाल भट्टी मौजूद रहेl
