Shimla,Sanju(TSN)-जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद देशभर में घटना की कड़ी निंदा हो रही है।शिमला में विश्व हिंदू परिषद ने इस हमले को लेकर आक्रोश जाहिर किया है और केंद्र सरकार से सख्त जवाबी कार्रवाई की मांग की है। परिषद के नेतृत्व में कई संगठनों ने शिमला में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की बात कही है।
हिंदू जागरण मंच के प्रांत संयोजक भरत भूषण ने कहा कि इस हमले के पीछे एक संगठित साजिश की आशंका है और इसे धर्म के आधार पर अंजाम दिया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान को सख्त संदेश देने और कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर में हाल के वर्षों में हालात सुधरे हैं लेकिन इस तरह के हमलों से फिर से अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है।भरत भूषण ने हिमाचल प्रदेश को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि राज्य को सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि यहां भी बाहरी तत्वों की सक्रियता बढ़ रही है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से राज्य में संभावित खतरों की जांच और निगरानी बढ़ाने की अपील की।
