डाइट धर्मशाला में राष्ट्रीय संविधान दिवस पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डाइट धर्मशाला में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, कांगड़ा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतियोगिता और संवाद के माध्यम से युवाओं ने संविधान की महत्ता के साथ-साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी भूमिका पर विचार साझा किए।कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत एवं जिला कांगड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमेश भारती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने युवाओं के साथ संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि राष्ट्रीय संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने विचारों को प्रस्तुत करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध करवाना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं ने संविधान की प्रस्तावना, विभिन्न अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार रखे।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में युवाओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक रही। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन पर चर्चा करते हुए बताया कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समानता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नागरिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।ध्रुव डोगरा ने कहा कि डाइट परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने का एक विशेष उद्देश्य भविष्य में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सेवाएं देने वाले प्रशिक्षुओं को भी संविधान के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षुओं ने संविधान के निर्माण से लेकर इसकी प्रस्तावना और विभिन्न अनुच्छेदों तक की जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने विकसित अर्थव्यवस्था के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी अपने विचार रखे।उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में संविधान और देश के भविष्य को लेकर जागरूकता का सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा संवैधानिक मूल्यों को अपनाकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
