शिमला,संजू -:शिमला के आसपास के जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शहर से सटे रिझाना गांव में एक बार फिर जंगलों में भीषण आग भड़क उठी, जिससे स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटें रिहायशी इलाकों के करीब पहुंच गईं और गांव के लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी।
मंगलवार को वन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि राहत ज्यादा देर तक नहीं रही और बुधवार को दोबारा जंगलों से धुआं उठने लगा। तेज गर्मी, सूखी वनस्पति और लगातार बढ़ते तापमान ने आग को और ज्यादा खतरनाक बना दिया है।आग फैलने से आसपास का वातावरण धुएं से भर गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन इस बार आग रिहायशी क्षेत्रों के बेहद करीब पहुंचने से खतरा और बढ़ गया है।बुधवार दोपहर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जंगलों के आसपास आग से जुड़ी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की है।
