हमीरपुर,अरविंद -: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया जारी है। जिला हमीरपुर में इस अभियान के तहत 18 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में 3 और 4 जून को साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में उम्मीदवार भाग ले रहे हैं, जिससे कार्यालय परिसर में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले में भरे जाने वाले 18 पद विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित हैं। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 5 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) बीपीएल के लिए 3 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 3 पद, ओबीसी बीपीएल के लिए 1 पद, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 4 पद, एससी बीपीएल के लिए 1 पद तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए 1 पद निर्धारित किया गया है।भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में रोजगार कार्यालय भोरंज और बड़सर से संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। इन दोनों क्षेत्रों से लगभग 400 उम्मीदवारों ने साक्षात्कार में भाग लिया। उम्मीदवारों की सुविधा और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विभाग ने विशेष प्रबंध किए हैं।प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर कमल किशोर भारती ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के साथ-साथ दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। शेष पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 10 जून तक पूरा किया जाएगा।उन्होंने बताया कि कार्यालय परिसर में 8 से 10 विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न हो, ताकि स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े शारीरिक शिक्षकों के पद जल्द भरे जा सकें और विद्यार्थियों को बेहतर खेल एवं शारीरिक शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।
Chandrika
