नूरपुर,संजीव -:पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम को नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने हरड़ पुल (हंदोराघराट) क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।जांच के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार (एचपी-40ए-7048) को स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक काला प्लास्टिक बैग बरामद हुआ।बैग की जांच करने पर उसमें से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरामद चरस और तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार (38) निवासी भाली, तहसील जवाली तथा सुनील राणा उर्फ ईशु (29) निवासी सहवां, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।पुलिस थाना नूरपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।एएसपी धर्म चंद वर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
Chandrika
