नूरपुर, संजीव-: राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नूरपुर में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें छात्राओं के स्वास्थ्य, विद्यालय के आधारभूत ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य विषय 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के प्रस्तावित टीकाकरण को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना रहा। प्रधानाचार्य रविन्द्र ने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार छात्राओं को लगाए जाने वाले इंजेक्शन के संबंध में अभिभावकों को विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कुछ अभिभावकों के मन में टीकाकरण को लेकर सवाल और असमंजस है। इसे दूर करने के लिए उन्हें टीकाकरण के महत्व और इससे मिलने वाले संभावित लाभों के बारे में बताया गया, ताकि वे जागरूक होकर निर्णय ले सकें।बैठक में विद्यालय भवन की मरम्मत और प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ भविष्य में आवश्यक सुधारों और विकास कार्यों के लिए समिति सदस्यों एवं अभिभावकों से सुझाव लिए गए।एसएमसी प्रधान सीमा पठानिया ने कहा कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए अभिभावकों और समिति के सदस्यों की सहभागिता बेहद जरूरी है। बैठक में उठाए गए सुझाव स्कूल की समस्याओं को दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने में सहायक होंगे। उन्होंने सभी अभिभावकों से स्कूल की गतिविधियों और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
