कांगड़ा,राहुल -:कांगड़ा जिले में लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं के बाद पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी है। विभिन्न मामलों में फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही इन वारदातों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।हाल ही में धर्मशाला थाना क्षेत्र के फतेहपुर में एक घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। चोर घर से सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान ले गए। वारदात के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इसी तरह नगरोटा थाना क्षेत्र के ठानपुरी में भी एक घर में सेंध लगाकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए। इस मामले में भी पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।वहीं, हाल ही में शराब के ठेके पर हुई लूट की घटना में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद कर लिया है। वाहन से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। बरसात के मौसम में यदि घर खाली छोड़कर जाना पड़े तो उसकी निगरानी किसी विश्वसनीय व्यक्ति को सौंपें। नकदी और कीमती आभूषणों को बैंक लॉकर या सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग केवल डीवीआर तक सीमित न रखकर क्लाउड स्टोरेज पर भी सुरक्षित करें, ताकि रिकॉर्डिंग चोरी या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भी उपलब्ध रहे।
