धर्मवीर , मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला पुलिस के चार पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया गया है। पुलिस लाइन मंडी में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने चारों पुलिस जवानों को डीजीपी डिस्क पहनाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
सम्मानित होने वालों में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) दौलत राम, हेड हवलदार (एचएचसी) जसवंत, पंकज और हेड कांस्टेबल चेत राम शामिल हैं। विभाग ने इन सभी पुलिसकर्मियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के आधार पर डीजीपी डिस्क के लिए नामित किया था। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें इस सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह के दौरान एसपी विनोद कुमार ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये अधिकारी और कर्मचारी इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में शामिल हेड कांस्टेबल चेत राम की सेवाओं की विशेष रूप से सराहना की गई। सराज विधानसभा क्षेत्र के दारन गांव निवासी चेत राम ने वर्ष 2023 में मंडी जिले में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में उन्होंने लोगों की मदद करने, राहत सामग्री पहुंचाने और बचाव कार्यों को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया था।
चेत राम वर्ष 1996 से 2011 तक होमगार्ड में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2011 में पुलिस विभाग से जुड़े। लंबे सेवा अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे विभाग में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वर्ष 2025 की आपदा के दौरान भी उनके कार्यों की विभाग ने सराहना की, जिसके चलते उन्हें डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग का कहना है कि ऐसे सम्मान कर्मठ और समर्पित पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह के दौरान सभी सम्मानित पुलिस जवानों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं
