ऊना,राकेश -: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में कार्रवाई न होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हरोली बाजार से पुलिस थाने तक रोष रैली निकाली और थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता के सोशल मीडिया प्रभारी बताए जा रहे युवक ने करीब एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक कार्टून सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। मामले को लेकर भाजपा युवा मोर्चा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। भाजपा का आरोप है कि शिकायत दिए कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरोली थाने के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की मांग उठाई।मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा नेता प्रो. राम कुमार शर्मा ने कहा कि करीब सात-आठ दिन पहले कांग्रेस से जुड़े एक युवक, जिसे एक कांग्रेस नेता का सोशल मीडिया प्रभारी बताया जा रहा है, ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी और अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रो. राम कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस या उसके नेताओं के खिलाफ किसी व्यक्ति द्वारा इस तरह की पोस्ट की गई होती तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती। उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के संवैधानिक पद पर हैं और उनके खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करना उचित नहीं है। पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि संबंधित सोशल मीडिया प्रभारी को कांग्रेस नेता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से दूर रहकर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करने से पीछे नहीं हटेंगे।भाजपा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
