हमीरपुर, अरविंद-:पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर हमीरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती पर हमीरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को देश में कंप्यूटर क्रांति के अग्रदूत के तौर पर जाना जाता है। उनके कार्यकाल में तकनीकी क्षेत्र को नई दिशा मिली और आधुनिक भारत के निर्माण की नींव मजबूत हुई।वहीं, पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अनीता वर्मा ने कहा कि राजीव गांधी के विचार और देश के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने की दिशा में पहल, युवाओं की मतदान आयु घटाकर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक भागीदारी का अधिकार देने तथा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उनके कार्यकाल में आगे बढ़े।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों को अपनाने और देश की एकता, अखंडता तथा विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पूर्व प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

