राहुल चावला, धर्मशाला-: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है।इसी कड़ी में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने धर्मशाला स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।प्रदर्शन के दौरान ABVP ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हाल ही में बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस लेने और वर्ष 2013 से बंद छात्र संघ चुनावों को दोबारा बहाल करने की मांग उठाई। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जितेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की ईसी बैठक के बाद विभिन्न फीस में करीब 25 से 27 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। विद्यार्थी परिषद पिछले करीब एक माह से इस फैसले का विरोध कर रही है।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीब और मेहनतकश परिवारों के विद्यार्थी उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं। ऐसे में फीस वृद्धि से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।उन्होंने कहा कि परिषद किसी भी सूरत में विद्यार्थियों पर डाले गए इस अतिरिक्त आर्थिक भार को स्वीकार नहीं करेगी।उन्होंने दावा किया कि फीस वृद्धि के विरोध में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में पिछले 16 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि बढ़ी हुई फीस को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और 2013 से बंद छात्र संघ चुनावों को पुनः शुरू किया जाए।ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी परिषद आमरण अनशन का रास्ता भी अपनाएगी।

