धर्मशाला, राहुल-:धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने ‘मेरा शहर, मेरा हक’ और ‘बेटर सिटी’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता विट्ठल भारद्वाज ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अभियान के तहत धर्मशाला नगर निगम के सभी 17 वार्डों में लोगों की स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। युवा कांग्रेस ने समस्याओं के समाधान के लिए 48 घंटे की समयसीमा तय करने का दावा किया है।
विट्ठल भारद्वाज ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से 15 अगस्त से देशभर में ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य शहरों और गांवों को स्वच्छ, सुविधाजनक और बेहतर बनाने के साथ-साथ पहले से किए गए विकास कार्यों के रखरखाव पर भी नजर रखना है।उन्होंने बताया कि शिमला, कुल्लू और मंडी समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभियान शुरू हो चुका है। धर्मशाला के 17 वार्डों में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। स्ट्रीट लाइट, नालियों, सड़कों, गलियों, जलभराव और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा।
युवा कांग्रेस जिला, ब्लॉक और नगर निकाय स्तर पर कमेटियों का गठन भी करेगी। भारद्वाज के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को उसके समाधान के लिए 48 घंटे का समय दिया जाएगा। तय समय में समस्या का समाधान नहीं होने पर संबंधित कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।पत्रकार वार्ता के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। भारद्वाज ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा को कांगड़ा, चंबा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण संस्थान बताते हुए कहा कि कई बार गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज, दवाइयों, रक्त और अन्य सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस टांडा मेडिकल कॉलेज के अलावा धर्मशाला और कांगड़ा के अस्पतालों में स्पेशल टास्क फोर्स बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत प्रतिदिन दो युवा कांग्रेस स्वयंसेवक अस्पतालों में मौजूद रहकर मरीजों और उनके तीमारदारों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
भारद्वाज ने कहा कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद रखरखाव के अभाव में कई योजनाएं कुछ समय बाद खराब हो जाती हैं। ऐसे में उन्हें दोबारा बनाने पर सरकारी धन खर्च होता है। ‘बेटर सिटी’ अभियान के तहत विकास कार्यों के साथ उनके रखरखाव और उपयोगिता पर भी निगरानी रखी जाएगी।उन्होंने धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में किए गए विकास कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित और संरक्षित करना सरकार के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों और मीडिया से अभियान में सहयोग की अपील की।युवा कांग्रेस ने सफाई और सीवरेज व्यवस्था के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। संगठन का कहना है कि देश के जिन हिस्सों में लोग अभी भी जान जोखिम में डालकर सीवरेज में उतरने को मजबूर हैं, ऐसी प्रथाओं को खत्म करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों की शिकायतों के लिए IYC ऐप के माध्यम से संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।

