बिलासपुर, सुभाष-: जिला बिलासपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। चिट्टा तस्करी से जुड़े सात आरोपियों की करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये की संपत्ति को पुलिस ने सीज किया है। कार्रवाई के तहत मकान, वाहन, दोपहिया वाहन और नकदी को जांच के दायरे में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान और उनकी वित्तीय जांच के आधार पर की जा रही है। पुलिस अब तस्करों के आर्थिक नेटवर्क, बैंक लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि जिला पुलिस चिट्टा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नशा कारोबार से जुड़े लोगों की अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।एसपी ने बताया कि एक दर्जन से अधिक अन्य संदिग्ध चिट्टा तस्कर भी पुलिस की जांच के दायरे में हैं। इनकी संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल नशे की तस्करी करने वालों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि इस अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक तंत्र को भी कमजोर करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

