बिलासपुर, सुभाष-: बिलासपुर जिला के स्वारघाट में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों को पूरा करने की अपील की गई।
भाजपा जिला बिलासपुर के संयुक्त मोर्चा की ओर से आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर बेरोजगारी, महंगाई और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई।प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने गाय का दूध 80 रुपये और भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर खरीदने, गोबर दो रुपये प्रति किलो खरीदने तथा महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने के वादे को पूरा करने की मांग की। इसके अलावा युवाओं को पांच लाख रोजगार उपलब्ध करवाने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी पर भी सवाल उठाए गए।
भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए उनकी मरम्मत जल्द करवाने की मांग की। साथ ही नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने और अधूरे पड़े विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया।भाजपा ने चेतावनी दी कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। पार्टी ने जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।
