शिमला-: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के खेल एवं सांस्कृतिक क्लब के शुभारम्भ अवसर पर शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओक-ओवर से इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर तक आयोजित वॉकाथान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वॉकाथान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब के गठन का उद्देश्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
इसके माध्यम से खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों में आपसी सहयोग, अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे को भी मजबूत किया जाएगा।उन्होंने आशा व्यक्त की कि क्लब खेल प्रतियोगिताओं, एथलेटिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करेगा। इससे विभागीय कर्मियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें निखारने तथा हिमाचल प्रदेश की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण, एकता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगी।इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
