शिमला-: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बिहडु में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप-तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने में सहूलियत मिलेगी।मुख्यमंत्री ने नए भवन के निर्माण पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय विधायक विवेक शर्मा के निरंतर प्रयासों से यह भवन तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
सड़क, पुल और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने मटियाणा-बंगाणा के बीच पुल निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त, 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क संपर्क और परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। लठियाणी-कोडरा सड़क के लिए 8.36 करोड़ रुपये, बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ रुपये और हटली-तलपी सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने और विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र को विकासात्मक सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की मांगों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं तथा विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जा रही है।कार्यक्रम के दौरान शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
