Summer express/फतेहपुर-: विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार और प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
दूध के न्यूनतम मूल्य से पशुपालकों को राहत
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रयासरत है। इसी दिशा में भैंस के दूध का न्यूनतम मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का न्यूनतम मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि ढगवार मिल्क प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाई गई है। जल्द ही यहां प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे दुग्ध उत्पादों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान
विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में छतर जोगियां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राप्त 107 जनसमस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया गया था।उन्होंने सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही अधिकारियों से जनसमस्याओं का गंभीरता से समाधान करने का आह्वान किया।
