नरेश चौहान बोले- लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होगा विपक्ष, हर विधानसभा क्षेत्र से जाएंगे 200 से अधिक लोग
Summer express/शिमला/संजू -:दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में हिमाचल प्रदेश अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। इस रैली में प्रदेश से करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को दिल्ली ले जाने की योजना बनाई गई है। हर विधानसभा क्षेत्र से 200 से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का जिम्मा विधायकों और पार्टी नेताओं को सौंपा गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की इस लड़ाई में हिमाचल प्रदेश पूरी मजबूती के साथ अपनी भागीदारी निभाएगा।
नरेश चौहान ने कहा कि रामलीला मैदान में होने वाला यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और आम जनता के अधिकारों को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि इस रैली को लेकर प्रदेश के लोगों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और आम आदमी की आवाज दबाने की कोशिशें हो रही हैं। देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितनी भी पुलिस व्यवस्था कर ले, लोग रामलीला मैदान पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। नरेश चौहान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के आंदोलन को लेकर भाजपा का सड़कों पर उतरना समझ से परे है। उनके मुताबिक अराजकता विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा फैला रही है।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए चौहान ने ईवीएम को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनावों में ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग पर भी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है तो बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा देश के 13 करोड़ लोगों को घुसपैठिया बताना चाहती है? उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।चौहान ने कहा कि विपक्ष जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवाज उठा रहा है। दिल्ली में होने वाला प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल से हजारों लोगों की भागीदारी के जरिए देश को लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया जाएगा।
