सोलन-: हिमाचल प्रदेश मिड-डे मील वर्कर हेल्पर यूनियन (संबंधित सीटू) ने शुक्रवार को चिल्ड्रन पार्क, सोलन में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वर्कर्स के 10 महीने के मानदेय को 12 महीनों में बांटने के विभागीय निर्णय का विरोध किया गया। यूनियन ने सरकार से मिड-डे मील वर्कर्स को पूरे 12 महीने का मानदेय देने की मांग उठाई।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महासचिव मोहित वर्मा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय वर्कर्स के हितों के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि इस फैसले को वापस लेकर मिड-डे मील वर्कर्स को पूरे साल का मानदेय दिया जाए।उन्होंने कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है। यूनियन की मांग है कि मिड-डे मील वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और उन्हें न्यूनतम वेतन के दायरे में लाया जाए। इसके अलावा हर महीने समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।मोहित वर्मा ने कहा कि प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो मिड-डे मील वर्कर्स की नियुक्ति होनी चाहिए। 25 बच्चों तक केवल एक वर्कर रखने की शर्त को भी समाप्त किया जाना चाहिए।
शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने उप निदेशक के माध्यम से निदेशक, शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे 12 महीने का मानदेय देने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने, न्यूनतम वेतन लागू करने, समय पर भुगतान करने और प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो वर्कर्स नियुक्त करने की मांग उठाई गई।
दिल्ली में मजदूरों के प्रदर्शन में सोलन से शामिल होंगे सैकड़ों मजदूर
मोहित वर्मा ने बताया कि 1 और 2 दिसंबर को देशभर के मजदूर अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में विशाल प्रदर्शन करेंगे। इस आंदोलन में सोलन जिला से भी सैकड़ों मजदूर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड रद्द करने, पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने तथा मजदूरों को सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने की मांग को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
उन्होंने मिड-डे मील वर्कर्स सहित सभी मजदूरों से दिल्ली में होने वाले इस प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।इस अवसर पर सीटू जिला महासचिव मोहित वर्मा, मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन की राज्य कोषाध्यक्ष सपना, यूनियन अध्यक्ष किरण, सोलन जिला कोषाध्यक्ष रीता सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मिड-डे मील वर्कर्स मौजूद रहीं।

