मंडी, धर्मवीर-: भविष्य की सोच और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा लगातार एआई को तरजीह दी जा रही है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश सरकार और तकनीकी शिक्षा विभाग भी इस क्षेत्र में अग्रणी प्रयास करते हुए नजर आ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की बात की जाए तो यहां 32 तकनीकी शिक्षण संस्थानों में न्यू ऐज यानी एआई कोर्स करवाए जा रहे हैं जिनमें 5 इंजीनियरिंग व पॉलिटेक्निक जबकि 27 आईटीआई शामिल हैं।
तकनीकी शिक्षा निदेशक अक्षय सूद ने बताया कि गर्वमेंट हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला और राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां में कंप्यूटर साइंड एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डाटा साईंस का कोर्स करवाया जा रहा है। इसके अलावा 3 पॉलिटेक्निक और 27 आईटीआई में भी न्यू ऐज यानी एआई से संबंधित कोर्स करवाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को इस नवीनतम तकनीक के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके।
अक्षय सूद ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अन्य शिक्षण संस्थानों में भी एआई कोर्स को शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के निर्देशों पर 11 पॉलिटेक्निक संस्थानों में अगले शैक्षणिक सत्र से इन कोर्सों को शुरू करने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रदेश सरकार से जितने भी संस्थानों में एआई कोर्स शुरू करने की अनुमति मिलेगी उन सभी में अगले शैक्षणिक सत्र से इन कोर्सों को करवाना शुरू कर दिया जाएगा।
