Shimla,Sanju(TSN)-जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार सांय हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रदेश की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हमले की कड़ी निंदा..सख्त कार्रवाई हो
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने शिमला सचिवालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा,“ऐसी शर्मनाक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।भारत सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।”
मुख्यमंत्री ने हमले में मारे गए पर्यटकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में हिमाचल की जनता पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है।बताया जा रहा है कि इस आतंकी हमले में कई पर्यटकों की जान गई है और अनेक घायल हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया है।
