संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में बीते 2 दिनों से मौसम साफ चल रहा हैं। ऐसे में कुछ स्थानों पर जहां धूप खिली रही, तो वहीं कुछ जगहों पर हल्के बादल छाए रहे, लेकिन अब एक बार फिर से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। प्रदेशवासियों को बर्फबारी और बारिश के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग की ओर से 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई हैं जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई हैं। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आएगी जिससे लोगों को ठंड का सामना भी करना पड़ेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक बुई लाल ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने वाला हैं, जिसका असर 29 और 30 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में दिखेगा। इस दौरान कुल्लू, चंबा, मंडी,कांगड़ा,शिमला,लाहौल स्पीति और किन्नौर ज़िला के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई हैं। इसके बाद 31 जनवरी से मौसम के साफ रहने का अनुमान हैं।
