मंडी,धर्मवीर (TSN)-11 दिसंबर को हिमाचल की सुक्खू सरकार के दो साल पूरे हो रहें है। सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरा होने पर कांग्रेस बिलासपुर के लुहणू मैदान में बड़े जश्न का आयोजन करने जा रही है। कांग्रेस सरकार के इस जश्न को लेकर भाजपा लगातार प्रदेश सरकार पर हमलावर है। मंगलवार को मीडिया को जारी बयान में भाजपा मुख्य प्रवक्ता और सुंदर नगर विधायक राकेश जम्बाल ने जश्न को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने का प्रयास किया है।
अलीबाबा के चालीस चोरों की तरह प्रदेश को लूट रही है सुक्खू सरकार
राकेश जम्बाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पिछले 2 सालों से प्रदेश की जनता को लूटने का ही काम किया है। राकेश जम्बाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू, उनके मंत्री और विधायक प्रदेश के खजाने को अली बाबा के चालीस चोरों की तरह लूटने में लगे हैं। ऐसे में कांग्रेस प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का नहीं प्रदेश की जनता को लूटने का जश्न मनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कर्ज के तले दबाने, झूठे वादों और ठगी के लिए यह सरकार जनता की दोषी है। हिमाचल का खजाना सीपीएस और अन्य फिजूलखर्ची पर लुटाया जा रहा है, जबकि आम जनता के लिए कोई राहत नहीं है। राकेश जम्बाल ने कहा, “यह जश्न जनता की उम्मीदों और प्रदेश की आर्थिक स्थिति के साथ खिलवाड़ का प्रतीक है। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें और सोचें कि क्या इस सरकार ने प्रदेश को आगे ले जाने का कोई काम किया है। अगर ऐसा कुछ नहीं हुआ है, तो उन्हें भी इस जश्न का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा का साथ दें और इस झूठी सरकार की नाकामियों को उजागर करें।
