अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा हैं। हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने की दिशा में सरकार यह पहल कर रही हैं। अपनी इसी पहल के तहत अब सरकार इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है और सबसे पहले प्रदेश में परिवहन विभाग को इलेक्ट्रिकल गाड़ियों से लैस किया जा रहा हैं। इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम भी प्रदेश भर में किया जा रहा हैं। इसी कड़ी में जिला हमीरपुर में भी प्रशासन ने इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए फ़ास्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने के प्लान पर काम करना शुरू कर दिया हैं।
हमीरपुर जिला के अलग-अलग इलाकों में चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए 100 जगहों का चयन कर लिया गया हैं जिनमें से करीब आधी जगहों की सरकारी जमीन की औपचारिकता पूरी करके इसे ट्रांसपोर्ट विभाग को हैंड ओवर कर दिया गया हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही चयनित किए गए स्थानों पर फास्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए विद्युत विभाग से भी कहां-कहां पर बिजली की प्रॉपर व्यवस्था इन चार्जिंग स्टेशनों को चलाने के लिए हो सकती है उसके बारे में भी पूरी डिटेल मांगी गई हैं।
प्रशासन ने ज्यादातर सरकारी जगहों को ही इसके लिए चिंहित किया हैं जिसमें सरकारी पार्किंग स्थल विशेष रूप से शामिल किए गए हैं ताकि यहां गाड़ी खड़ी करने वाले लोगों को भविष्य में अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज करने के लिए सुविधा मिल सके ।
एडीसी जितेंद्र सांजटा ने बताया कि हमीरपुर जिला में करीब 100 जगहों का चयन चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए पहले चरण में किया गया हैं। जहां-जहां सरकारी जमीन उपलब्ध हैं वह जमीन ट्रांसपोर्ट विभाग को हैंड ओवर कर दी गई हैं ताकि उस जगह पर सरकार के आदेश के बाद कार्य शुरू किया जा सके।
