शिमला,संजु चौधरी(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर सवालिया निशान उठाए हैं.उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु डॉक्टर हड़ताल पर क्यों है,वह प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं?उन्होंने कहा कि सरकार प्रशिक्षु डॉक्टर को उनका स्टाइपेंड भी चार महीनों से नहीं दे रही है।जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की तानाशाही की वजह से मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।इसके पहले डीएनबी के छात्रों को स्टाइपेंड न देने के कारण नेशनल बोर्ड ऑफ एग्ज़ामिनेनेश एंड मेडिकल साइंसेज ने हिमाचल प्रदेश के कोटे पर रोक लगा दी थी जिसके कारण 63 विशेषज्ञ डॉक्टर्स से प्रदेश को वंचित होना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ये बताये कि वह पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम से खिलवाड़ क्यों कर रहे हैं?उन्होंने अपने चुनावी घोषणापत्र में क्या वादे किए थे?राशन डिपुओं में कभी दाल नहीं मिलती तो कभी तेल नहीं मिलता।कभी चीनी नहीं मिलता तो कभी चावल का कोटा नहीं आता। डिपो में मिलने वाले राशन के दामों में आये दिन 10 फ़ीसदी-20 फ़ीसदी बढ़ोतरी होने की खबरें छपती रहती है।दो महीने से लोगों को खाद्य तेल नहीं मिला है?और ये कब मिलेगा इसकी भी जानकारी किसी भी उपभोक्ता और डिपो के संचालक को नहीं है। क्या बिना तेल के घर में खाना बन सकता है? आखिर सरकार प्रदेश के लोगों के साथ ऐसा मजाक क्यों कर रही है? क्या मुख्यमंत्री को प्रदेश के लोगों ने इसी तरह से सरकार चलाने के लिए सत्ता सौंपी थी? और मुख्यमंत्री साथ ही साथ यह भी बताएं कि अव्यवस्थाओं का यह दौर उनके शासन में ऐसे ही चलता रहेगा या समाप्त भी होगा?
