चंबा, मंजूर पठान :-चम्बा जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर खतरा बढ़ गया है। लोक निर्माण विभाग तीसा ने लोगों और वाहन चालकों को खास तौर पर शाम के समय इस मार्ग पर सफर करने से बचने की सलाह दी है।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर तीन से चार ऐसे संवेदनशील पॉइंट हैं, जहाँ अचानक लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
हालांकि विभाग ने अपनी मशीनरी अलग-अलग स्थानों पर तैनात कर रखी है, ताकि मार्ग बंद होने की स्थिति में तुरंत बहाल किया जा सके। लेकिन शाम पांच बजे के बाद चांजू नाला, गति घार और शरेला घारा जैसे क्षेत्रों में खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में विभाग ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही सफर करें और एहतियात बरतें।वहीं, उपमंडल कोटि और नकरोड़ का कार्यभार देख रहे एसडीओ संजीव कुमार अत्रि ने कहा कि क्षेत्र में मौसम लगातार खराब बना हुआ है, जिससे जगह-जगह लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं।उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने अपनी मशीनरी तैनात कर दी है, लेकिन कुछ स्थान ऐसे हैं जहाँ अचानक खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को चम्बा-तीसा मार्ग पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से शाम के समय सफर से बचने की सलाह दी गई है।
