केलांग (सचिन शर्मा): लाहौल मंडल के लोगों को मंगलवार को तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने 12 करोड़ 21 लाख रुपए की सौगातें दी है। मंत्री ने यहां तीन ओर महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी है। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि चंद्रभागा नदी से क्रॉजिंग-वारी उठाऊ सिंचाई योजना पर 287.40 लाख ओर चंद्रभागा नदी से रांगवे-कारिंग उठाऊ सिंचाई योजना पर 297.72 लाख रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से वारपा पंचायत के क्रॉजिंग, वारी, रांगवे, कारिंग ओर लोट गांव के लोगों की 57.02 हेक्टर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी।
डॉ.रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि हर खेत तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के अतिरिक्त सौर सिंचाई योजनाओं जैसी बड़ी योजनाएं आरंभ की गई है। सिंचाई योजनाओं के माध्यम से फसलों में विविधता लाने और सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कृषकों की आय में वृद्धि की जा सके। डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि सड़कें हमारी जीवन रेखाएं है और प्रत्येक गांव को वाहन योग्य सड़क मार्ग से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने बाद प्रदेश में वाहन योग्य सड़कों की लंबाई 40 हजार किलोमीटर से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों और पुलों के निर्माण पर 4373 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1060 किलोमीटर वाहन योग्य सड़कों का निर्माण, 2065 किलोमीटर सड़कों को पक्का और 75 से अधिक पुलों का निर्माण किया गया है।
636 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले लिंगर पुल की रखी आधारशिला
डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने यहां 636 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले लिंगर पुल की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से लिंगर, राशिल और रापे गांव के लगभग 500 लोग लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा की इस पुल के निर्माण के लिए नाबार्ड से धन का प्रावधान किया गया है तथा यह पुल लगभग एक साल में पूरा होगा । उन्होंने कहा कि लिंगर गांव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी जिसे पूरा किया जा रहा हैl
डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने सुनी जन समस्याएं
डॉ.रामलाल मार्कंडेय ने क्रॉजिंग, वारी, रांगवे, कारिंग, लोट ओर लिंगर के लोगों की समस्याएं सुनी अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
