नाहन : देवेंद्र कुमार – जिला में पिछले 3 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण जहां नदी नाले उफान पर है, वही लैंडस्लाइड के चलते जिला के 3 दर्जन के करीब रूट बाधित है । कई मुख्य सड़क मार्ग यातायात के लिए पिछले 48 घंटे से बंद पड़े है।
नाहन शिमला नेशनल हाईवे 907A पर स्थित हाथी कब्र मोहल्ला में भारी बारिश के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया। इसकी वजह से लोगों का भारी नुकसान हुआ है । हालांकि किसी भी प्रकार का जान माल का नुकसान नहीं हुआ । लोगों ने प्रशासन से मदद के लिए गुहार लगाई है। लोगों ने बताया कि सड़क के साथ लगे डंगे के खिसकने के कारण घरों को खतरा पैदा हो गया है । वहीं इसी डंगे में एक विशाल पेड़ भी गिरने के कगार पर है। लोगों ने बताया कि पेड़ को लेकर कई बार नगर पालिका और प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, परंतु अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई लोगों ने मांग करते हुए कहा कि इस पेड़ को जल्द से जल्द कटवाया जाए ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी ना हो ।
एचआरटीसी के करीब 3 दर्जन रूट बंद
एचआरटीसी नाहन के अड्डा प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जिला सिरमौर में करीब तीन दर्जन रूट प्रभावित है । जिसकी वजह से एचआरटीसी की डेढ़ दर्जन बसें रूटों में फंसी हुई है। रूट प्रभावित होने के कारण नाहन डिपो को करीब 2 से ₹3 लाख प्रतिदिन के हिसाब से नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने के बावजूद भी लोगों को सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एचआरटीसी प्रयासरत है और जहां तक संभव हो रहा वहां तक एचआरटीसी की बसे चल रही है।
