नाहन / देवेंद्र कुमार- अग्निशमन विभाग द्वारा मनाए जाने वाले फायर वीक का आज शुभारम्भ किया गया। फायर वीक 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा।
मीडिया को जानकारी देते हुए सब फायर ऑफिसर आरके शर्मा ने बताया कि 14 अप्रैल राष्ट्रीय फायर दिवस के रूप में मनाया जाता है । इस दिन 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर एक विस्फोट हुआ था , जिसमें अग्निशमन विभाग के 66 कर्मचारी शहीद हो गए थे। इन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के मकसद से हर वर्ष 14 अप्रैल को फायर दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन विभाग नाहन द्वारा अलग-अलग दिन अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आग लगने के कारणों और उन पर काबू पाने के तौर तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। आदर्श अग्निशमन केंद्र नाहन में आज मुंबई विस्फोट में शहीद हुए अग्निशमन विभाग के 66 कर्मचारियों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
