शिमला,8 जनवरी(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों को लेकर निशाना साधा है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जो नेता चुनावी वादे को पूरा करने का हवाला दे रहे हैं,लगता है वह अपने चुनावी वादे भूल गए हैं।मैंने सरकार को विधानसभा के अंदर भी उनके चुनावी वादे याद दिलाए थे,विधानसभा अध्यक्ष को कांग्रेस की गारंटियों के कार्ड सौंपे थे और विधानसभा के अध्यक्ष ने भी कांग्रेस के चुनावी वादे सदन के भीतर मुख्यमंत्री को याद दिलाए थे।
राज भवन की गरिमा पर हमला करके वाहवाही लूटना चाहते हैं कुछ लोग
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इतने बड़े-बड़े चुनावी वादे की आज हकीकत क्या है?जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से सरकार अपनी नाकामी से लोगों का ध्यान हटाना चाह रही है,वह तरीका आप काम नहीं करेगा। राज भवन जैसी संवैधानिक और गरिमावान संस्था पर हमला करके, राज भवन की मर्यादा को तार तार करके सरकार को कुछ हासिल नहीं होने वाला है।प्रदेश के सामने कांग्रेस की सरकार उसके मुख्यमंत्री,उसके मंत्री पूरी तरीके से बेनकाब हो चुके हैं। 2 साल का कार्यकाल में इस सरकार द्वारा किए गए कामों से यह सरकार झूठ की सरकार’ बनकर रह गई है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के लोगों को कांग्रेस द्वारा दी गई इन झूठी गारंटियों को कभी भूलने नहीं देगी।सड़क से सदन तक सरकार को हम प्रदेश के साथ किया गया वादा याद दिलाते रहेंगे। सरकार में बैठे लोग यह बात ठीक से समझ लें कि उनका कोई पैंतरा अब काम नहीं करेगा।झूठ के हाथ पैर नहीं होते हैं और कांग्रेस का झूठ सिर्फ हिमाचल प्रदेश नहीं पूरे देश के सामने बेनकाब हो चुका है,उनके इस झूठ की कीमत कांग्रेस को चुकानी ही होगी।
